Jehanabad News : जहानाबाद पुलिस एवं कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को समाहरणालय स्थित ग्रामप्लेक्स सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय बाल संरक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में जिले के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, मानव व्यापार रोधी इकाई के पदाधिकारी तथा बाल संरक्षण से जुड़े अन्य हितधारकों ने भाग लिया.
बच्चों में पुलिस के प्रति भरोसा जरूरी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एएसपी मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और बाल-मित्रवत होना चाहिए. बच्चा पुलिस के पास आने से डरे नहीं, बल्कि भरोसे के साथ अपनी बात रख सके. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा पुलिस की प्राथमिकता है.
बाल विवाह और तस्करी रोकने में समुदाय की भूमिका
एएसपी ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ पंचायत प्रतिनिधियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया. उन्होंने स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के आसपास नशाखोरी तथा छेड़खानी पर रोक लगाने के लिए पंचायत स्तर पर नियमित संवाद और निगरानी की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
ग्राम पंचायत स्तर पर सक्रिय होंगी बाल संरक्षण समितियां
कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक सर्वेश कुमार ने बताया कि मिशन वात्सल्य के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय और सशक्त किया जा रहा है. इसका उद्देश्य गांव स्तर पर बच्चों की पहचान कर उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करना है.
पुलिस पदाधिकारियों को कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रसून कुणाल, ऋषिकेश कुमार एवं चंद्रशेखर सिंह ने किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम और बीएनएसएस की धारा 173 के तहत जीरो एफआईआर की प्रक्रिया के साथ बाल-मित्रवत पुलिसिंग के व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी. प्रतिभागियों को बच्चों से जुड़े मामलों में कानूनी प्रावधानों और पुलिस की भूमिका के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया.
सुरक्षित जहानाबाद बनाने की ली सामूहिक शपथ
कार्यशाला के समापन पर अधिकारियों और प्रतिभागियों ने बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बाल-अनुकूल जहानाबाद बनाने की सामूहिक शपथ ली. इस अवसर पर डीएसपी (अपराध) विनोद कुमार सिंह, साइबर डीएसपी अंकित कुमार, एसडीपीओ अनिकेत कुमार त्रिवेदी, कृति कमल, रघुनाथ प्रसाद सहित पुलिस विभाग और कवच परियोजना के सदस्य उपस्थित रहे.
