जहानाबाद: काको में चोरी की बाइक के साथ पटना का युवक गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था वाहन

Jehanabad bike theft: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत काको थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया, जिसकी जांच में चोरी की मोटरसाइकिल का खुलासा हुआ. गिरफ्तार आरोपी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था.

Jehanabad bike theft: पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर अपराध एवं वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत काको थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ पटना जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे चलाया जा रहा था.

थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर उसके वाहन के कागजात तथा इंजन और चेसिस नंबर का मिलान किया गया. तकनीकी जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही चालक को गिरफ्तार कर लिया.

पटना जिले का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू उर्फ नीतीश कुमार, पिता लालु यादव, निवासी मलकाना, थाना मसौढ़ी, जिला पटना के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह भी पता चला कि बाइक की वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी. इस संबंध में काको थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है.

वाहन चोर गिरोह से कनेक्शन की जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोटरसाइकिल कहां से चोरी की गई थी, इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपी किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं. थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में मिलने वाले सुराग के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी. साथ ही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.

लगातार जारी रहेगा वाहन जांच अभियान

काको थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण करने और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा. संदिग्ध वाहनों और उनके चालकों की तकनीकी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Baikunth kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >