Jehanabad News : जहानाबाद में ईद-उल-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में जुलूसे मोहम्मदी अकीदत और धूमधाम के साथ निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर चलने तथा इंसानियत, अमन, भाईचारे और मुल्क से मोहब्बत का संदेश दिया. सुबह से ही शहर में जश्न का माहौल बना रहा.
ईदगाह के समीप से शुरू हुआ जुलूस
जुलूस ईदगाह के समीप से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा. इस दौरान लोग हाथों में इस्लामिक झंडे लेकर नात-ए-पाक पढ़ते हुए चल रहे थे. सरकार की आमद मरहबा के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा.
पैगंबर साहब की शिक्षाओं पर चलने की अपील
जुलूस में शामिल उलेमाओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की. उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी इंसानियत को अमन, शांति, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया है.
अमन और भाईचारे के लिए की गयी दुआ
इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को ईद-उल-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी. मस्जिद के मौलाना ने देश में अमन, शांति और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की. उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. इस अवसर पर पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही सतर्क
जुलूस को लेकर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया. पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा.
