जहानाबाद से मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट
Jehanabad News: जहानाबाद मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट के अनुसार गंभीर रक्ताल्पता (एनीमिया) से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति, जहानाबाद की ओर से फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज (FCM) इंजेक्शन चिकित्सा पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया.
स्वास्थ्यकर्मियों को FCM इंजेक्शन देने की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों एवं परिचारिकाओं ने भाग लिया. उन्हें गंभीर रक्ताल्पता की पहचान, लाभार्थियों के चयन, फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज इंजेक्शन देने की प्रक्रिया, आवश्यक जांच, संक्रमण नियंत्रण, संभावित दुष्प्रभावों के प्रबंधन, अभिलेख संधारण और प्रतिवेदन तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई.
पिरामल फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
पिरामल फाउंडेशन की राज्य स्तरीय प्रशिक्षक ईलिशा ने सभी चिकित्सकों और परिचारिकाओं को फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज इंजेक्शन चिकित्सा का विस्तृत प्रशिक्षण दिया. रवि रंजन और नंदिनी ने प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण के सफल संचालन में जिला स्वास्थ्य समिति का सहयोग किया.
मातृ मृत्यु रोकने की दिशा में अहम पहल
सिविल सर्जन ने कहा कि फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज चिकित्सा केवल एक उपचार नहीं, बल्कि मातृ मृत्यु और गंभीर रक्ताल्पता की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक समय पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है.
सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को मिलेगा उपचार
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि गंभीर रक्ताल्पता से पीड़ित सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाए. साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला को 180 आयरन की गोलियां देने और इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य समिति को भेजने के निर्देश दिए गए.
प्रखंड स्तर पर भी होगा प्रशिक्षण
जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त डॉक्टर और नर्स अपने-अपने प्रखंडों में मास्टर ट्रेनर के रूप में एएनएम और जीएनएम को प्रशिक्षण देंगे. जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों से नियमित निगरानी, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और समय पर प्रतिवेदन सुनिश्चित करने की अपील की. इस दौरान पिरामल फाउंडेशन के संतोष कुमार, धनंजय कुमार, सिद्धार्थ गौतम, जितेंद्र कुमार, सिद्धार्थ बघेल और हर्ष कुमार भी मौजूद रहे.
ALSO READ: जहानाबाद नगर परिषद में अवैध बहाली का बड़ा खुलासा, मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच और कार्रवाई शुरू
