Jahanabad News (अशोक की रिपोर्ट ): जहानाबाद के जिले के पटना-गया एनएच-22 पर कडोना के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहाँ एक अनियंत्रित कार ने दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
मृतका की पहचान गुंजा कुमारी (16 वर्ष ) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुंजा अपने परिवार के सदस्यों (रोहित और माया) के साथ मसौढ़ी प्रखंड के मलकाना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं. लौटते समय कडोना के पास वे हादसे का शिकार हो गईं.
दूसरी बाइक पर सवार लोग भी हुए घायल
हादसे की चपेट में आई दूसरी मोटरसाइकिल पर मो. तस्लीम और मो. अनामुल्लाह सवार थे. ये दोनों नालंदा जिले के नूरसराय से इलाज कराकर वापस अपने घर (कुर्था थाना, मानिकपुर गांव) लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया.
मददगार बने राहगीर, अस्पताल में मचा कोहराम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुंजा कुमारी की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं. मौके पर मौजूद लोगों और वहां से गुजर रहे एक कार चालक की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल जहानाबाद पहुँचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने गुंजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजनों के चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया.
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है. दुर्घटना के कारणों और कार चालक की तलाश की जा रही है.”
Read more: पटना सिटी के ट्रांसपोर्ट एजेंसी में लगी आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू
