रतनी. शकुराबाद थाना क्षेत्र के बैदौली गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने और घायल करने का आरोप लगाया है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.
टोनबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रथम पक्ष से अनुज पासवान के आवेदन पर टुनटुन पासवान समेत नौ लोगों के विरुद्ध गाली-गलौज और मारपीट कर घायल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में बताया गया है कि अनुज पासवान का बेटा मनीष कुमार मंदिर पर बैठा हुआ था. इसी दौरान संजीत पासवान उसे देखकर कथित रूप से गंदी टोनबाजी करने लगा. मना करने पर संजीत ने मनीष के साथ मारपीट शुरू कर दी.
पूछताछ करने पहुंची महिला से भी मारपीट का आरोप प्राथमिकी के अनुसार, घटना की जानकारी लेने के लिए अनुज पासवान की पत्नी संजीत के घर पहुंची. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे. इसी दौरान आरोपितों ने सभी के साथ मारपीट शुरू कर दी.
मारपीट में कई लोग घायल, महिला रेफर मारपीट की घटना में नीतीश कुमार, मनीष कुमार और अनीश कुमार घायल हो गये. वहीं अनुज पासवान की मां लक्ष्मीनिया देवी भी घटनास्थल पर पहुंची थीं, जिन्हें भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है. सभी घायलों का इलाज रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकुराबाद में कराया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए लक्ष्मीनिया देवी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया गया.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया घर में घुसकर मारपीट का आरोप इधर, दूसरे पक्ष से सनियारी देवी के आवेदन पर मनीष कुमार, अनुज पासवान समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडा और लोहे की खंती से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
बक्से से 40 हजार रुपये ले जाने का आरोप दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपित घर में रखे बक्से से 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गये. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच शकुराबाद थाना पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दर्ज प्राथमिकी में लगाए गये आरोपों की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
