जहानाबाद में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा, भूमिहीनों को बांटे पर्चे

जहानाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। प्रभारी मंत्री जमा खान ने झंडोतोलन कर जिले के विकास कार्यों की जानकारी दी और लोगों को सम्मानित किया।

जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशप्रेम, उत्साह और गौरव की भावना के साथ मनाया गया. मुख्य समारोह गांधी मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री मो. जमा खान ने झंडोत्तोलन किया. इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली. समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों और बेहतर कर भुगतान करने वाले करदाताओं को सम्मानित किया गया.

गांधी मैदान में गूंजा राष्ट्रगान, तिरंगे को दी गयी सलामी

गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह की शुरुआत परेड की सलामी के साथ हुई. प्रभारी मंत्री मो. जमा खान ने तिरंगा फहराया. इसके बाद राज्य संपोषित बालिका इंटर स्तरीय विद्यालय, जहानाबाद की छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी. पूरे मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला.

जिले के विकास का रखा गया लेखा-जोखा

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जहानाबाद लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और जिले में नित नये विकास कार्य हो रहे हैं.

भूमिहीनों को मिले जमीन के पर्चे

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चों का वितरण किया. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है. इस दौरान जिले के विकास में आम लोगों से सहभागी बनने की अपील भी की गयी.

स्वतंत्रता सेनानियों और करदाताओं का हुआ सम्मान

समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया. देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों को भी सम्मान दिया गया. इसके साथ ही बेहतर और समय पर टैक्स का भुगतान करने वाले करदाताओं को भी पुरस्कृत किया गया. जिले में सबसे अधिक टैक्स देने वाले व्यक्ति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया.

भारत के नक्शे में दिखी देशभक्ति की झलक

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने भारत के मानचित्र के स्वरूप में मानव श्रृंखला बनायी. इस आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा. मानव श्रृंखला के माध्यम से एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया.

प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में हुआ शानदार परेड

गांधी मैदान में प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार के नेतृत्व में परेड आयोजित की गयी. परेड में सेकेंड रेजिमेंट से अभय कुमार राम, बीएमपी/बीएसएपी से सार्जेंट रेखा कुमारी, डीएपी पुरुष से सार्जेंट मिंटू कुमार, डीएपी महिला से सार्जेंट अनुप्रिया और होमगार्ड से सार्जेंट नेहा प्रियदर्शनी शामिल हुईं.

कारगिल चौक से शुरू हुआ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह 8:30 बजे कारगिल चौक पर माल्यार्पण से हुई. इसके बाद 8:40 बजे अंबेडकर चौक पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. सुबह 8:45 बजे गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये गये.

गांधी मैदान के बाद विभिन्न कार्यालयों में हुआ झंडोत्तोलन

मुख्य समारोह के बाद जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी झंडोत्तोलन किया गया. सुबह 10:30 बजे समाहरणालय, 10:40 बजे विकास भवन, 10:50 बजे अनुमंडल कार्यालय, 11:00 बजे जिला परिषद कार्यालय और 11:05 बजे पुलिस केंद्र में तिरंगा फहराया गया.

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया. पूरे समारोह के दौरान उत्साह, गौरव और देशभक्ति का माहौल बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >