Jehanabad Asha workers: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने हुलासगंज प्रखंड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज, हुलासगंज में आयोजित आशा कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. कार्यशाला का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना, आशा कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना था.
जिला पदाधिकारी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक गर्भवती महिला का नियमित रूप से ट्रैक करें, समय पर उनका पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित तिथि पर चार अनिवार्य प्रसव पूर्व जांच प्रखंड स्तर पर हर हाल में सुनिश्चित करें.
घर पर प्रसव नहीं होने देने का दिया निर्देश
हुलासगंज प्रखंड में संस्थागत प्रसव की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी आशा कार्यकर्ता के कार्यक्षेत्र में घर पर प्रसव नहीं होना चाहिए. प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना सभी आशा कार्यकर्ताओं की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना आवश्यक है. इस दिशा में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.
एम-आशा ऐप को नियमित अपडेट करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को एम-आशा ऐप को नियमित एवं शत-प्रतिशत अद्यतन करने का निर्देश दिया. साथ ही, सभी प्रखंड आशा समन्वयकों को निर्देशित किया कि जिन आशा कार्यकर्ताओं को ऐप पर डेटा अपडेट करने में कठिनाई हो रही है, उनके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएं.
उन्होंने कहा कि जिले की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली 20 आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाली 20 आशा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. कार्य निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
दूसरे जिले में हुए संस्थागत प्रसव का भी रखना होगा रिकॉर्ड
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी गर्भवती महिला का संस्थागत प्रसव दूसरे जिले में भी होता है, तो उसकी जानकारी एवं संबंधित डेटा तत्काल संकलित कर संबंधित प्रखंड के आशा फैसिलिटेटर को उपलब्ध कराया जाए तथा एम-आशा ऐप पर भी उसकी प्रविष्टि की जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला में सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु देखभाल, टीकाकरण, पोषण, परिवार नियोजन एवं समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. जिला पदाधिकारी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं से पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), पीरामल फाउंडेशन के कर्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम, आशा फैसिलिटेटर, हुलासगंज प्रखंड की बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
