अरवल में सखी वार्ता कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को करियर और महिला सशक्तिकरण का मिला मार्गदर्शन

Arwal News : अरवल के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम के जरिए बालिकाओं को महिला सुरक्षा, करियर और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया.

Arwal News : अरवल जिले में महिला सशक्तिकरण और किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, फखरपुर में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सह जिला नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम माला कुमारी के मार्गदर्शन में जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं वन स्टॉप सेंटर की टीम ने किया.

करियर, महिला सुरक्षा और कानूनों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को करियर, उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक करना था.

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक शिम्पू कुमारी, मनोसामाजिक परामर्शी प्रिया कुमारी तथा जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ कविता सिंह ने छात्राओं को विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी.

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट छात्राओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के बीच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. वहीं सभी प्रतिभागियों के बीच बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लोगोयुक्त टी-शर्ट और टोपी का वितरण किया गया.

शिक्षा और जागरूकता से बनेगा सशक्त समाज

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माला कुमारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के विचारों को जानना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि बालिकाएं देश का भविष्य हैं और शिक्षा तथा जागरूकता के माध्यम से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध हों, ताकि वह अपने सपनों को साकार करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nishikant kumr

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >