जहानाबाद में खेत के बिजली पोल से करंट लगने से व्यक्ति की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्रिड कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट लाइन के करंट से एक किसान की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रिड कार्यालय पर प्रदर्शन किया.

Jehanabad electricity accident: काको थाना क्षेत्र के इस्लामचक गांव में बुधवार को 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन से जुड़े पोल में करंट उतर आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ काको स्थित बिजली विभाग के ग्रिड कार्यालय पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया.

खेत में काम के दौरान करंट की चपेट में आए किसान

परिजनों के अनुसार पंकज कुमार खेत में कृषि कार्य के लिए धान की मोरी लेकर जा रहे थे. इसी दौरान खेत में लगे बिजली पोल में उतरे करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए काको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित बिजली पोल में करंट आने की शिकायत कई बार बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष में इस तरह की यह तीसरी घटना है. यदि समय रहते बिजली विभाग आवश्यक कार्रवाई करता तो इस हादसे को टाला जा सकता था.

शव के साथ ग्रिड कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में ग्रामीण शव के साथ बिजली विभाग के ग्रिड कार्यालय पहुंच गए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे और कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल रंजन, समाजसेवी रवि यादव, वार्ड पार्षद शैलेश यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने बिजली विभाग की कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Baikunth kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >