Jehanabad News : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई. बैठक में जिले में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण और बिक्री व्यवस्था की समीक्षा की गई. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है. डीएम ने निर्देश दिया कि विभागीय मार्गदर्शिका के अनुसार निर्धारित मूल्य पर ही किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जाए. उर्वरक बिक्री में जीरो टॉलरेंस नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
अगस्त में चार विक्रेताओं पर हुई कार्रवाई
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अगस्त माह में उर्वरक बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर चार विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई है. इनमें दो विक्रेताओं की उर्वरक अनुज्ञप्ति रद्द की गई है, जबकि दो अन्य विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है. डीएम ने निर्देश दिया कि अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के साथ उर्वरक कंपनी के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए.
प्रखंडवार जरूरत के हिसाब से होगा वितरण
डीएम ने उर्वरक कंपनियों को सभी थोक विक्रेताओं के बीच समानुपातिक रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. वहीं थोक विक्रेताओं को प्रत्येक प्रखंड में फसल आच्छादन और आवश्यकता के अनुरूप खुदरा विक्रेताओं को उर्वरक उपलब्ध कराने को कहा गया. इसका उद्देश्य किसानों को समय पर और आसानी से उर्वरक उपलब्ध कराना है.
गूगल शीट पर रोज अपडेट होगी आवंटन की जानकारी
डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विक्रेताओं को किए गए उर्वरक आवंटन की सूची तैयार कर जिला स्तर से उपलब्ध कराई गई गूगल शीट पर प्रतिदिन अपडेट की जाए. इससे उर्वरक की उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा सकेगी तथा पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी.
बेठक में विधायक समेत ये रहे मौजूद
बैठक में विधायक राहुल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जनप्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, सूर्यदेव प्रसाद, विजय कुमार सत्कार, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र, पौधा संरक्षण निरीक्षक, सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, थोक उर्वरक विक्रेता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे.
