जहानाबाद नगर. विकसित भारत, समृद्ध बिहार के संकल्प के साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को सिकरिया थाना क्षेत्र के बाजार समिति जहानाबाद में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया.
डीएम और एसपी ने गंभीरता से सुनीं शिकायतें
जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित शिविर में स्थानीय नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं. डीएम और एसपी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली.
विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
शिविर में मौजूद संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया.
भूमि विवाद और सामाजिक सुरक्षा के मामलों का समाधान
सहयोग शिविर के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए. कई मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका निवारण किया. इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली.
बेहतर जनसेवा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
जिला प्रशासन और जहानाबाद पुलिस की ओर से कहा गया कि आमजन की समस्याओं के समाधान और बेहतर जनसेवा के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की शिकायतों को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके त्वरित समाधान की पहल की जा रही है.
