Jehanabad News: जहानाबाद जिले के अब्दुल बारी नगर भवन परिसर से जिला पदाधिकारी (डीएम) छिरिंग वाई भूटिया द्वारा सोलर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इस सोलर रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' तथा सौर ऊर्जा के उपयोग के प्रति विस्तार से जागरूक किया जाएगा.
रूफटॉप सोलर और सरकारी सब्सिडी की दी जाएगी जानकारी
जागरूकता रथ के माध्यम से आम लोगों को अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने, योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी, पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तथा सौर ऊर्जा से होने वाले दूरगामी वित्तीय और पर्यावरणीय लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल कम करने की अपील
सोलर रथ को रवाना करने के अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने बताया कि सौर ऊर्जा स्वच्छ, सुरक्षित एवं नवीकरणीय ऊर्जा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्रोत है. उन्होंने कहा कि 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है. डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस जनहितैषी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सौर ऊर्जा को अपनाकर अपने मासिक विद्युत व्यय में भारी कमी लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपना अमूल्य योगदान दें.
व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि सोलर रथ के माध्यम से जिले की अधिक से अधिक पंचायतों और शहरी वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार व जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का लाभ जिले के अंतिम पात्र उपभोक्ता तक पहुंच सके. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आदित्य कुमार पियूष, विद्युत विभाग के वरीय पदाधिकारी, कर्मचारी और अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
