डीएम ने खुद उठाया कचरा, बराबर में चलाया ‘जीरो लिटिल’ अभियान; विरासत बचाने का दिया संदेश

जहानाबाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने बराबर गुफाओं में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने लोगों से ऐतिहासिक विरासत को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की है।

Jehanabad News : जहानाबाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में रविवार को जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल बराबर में श्रावणी मेले के समापन के बाद ‘जीरो लिटिल बराबर’ अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान डीएम ने खुद अपने हाथों से पहाड़ी और आसपास बिखरे कचरे को साफ किया और उसे हटाया. इस पहल के माध्यम से पर्यटक क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित रखने के साथ ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय विरासत के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया.

डीएम ने खुद की सफाई, दिया स्वच्छता का संदेश

अभियान के दौरान डीएम ने कहा कि बराबर गुफाओं जैसी राष्ट्रीय विरासत को स्वच्छ रखना और संरक्षित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि ‘जीरो लिटिल’ अभियान केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ बराबर और स्वच्छ जहानाबाद की निरंतर सोच तथा सामूहिक संकल्प है.

उन्होंने जिलेवासियों और पर्यटकों से अपील की कि बराबर की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत का आनंद लें, लेकिन परिसर में प्लास्टिक, बोतल, रैपर अथवा अन्य किसी तरह का कचरा नहीं फैलाएं. कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें.

‘ना कचरा फैलाएंगे, ना फैलाने देंगे’

डीएम ने कहा कि बराबर की ऐतिहासिक विरासत हमें अपने पूर्वजों से मिली है. इसे स्वच्छ, सुरक्षित और संरक्षित रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से ‘ना कचरा फैलाएंगे, ना फैलाने देंगे’ का संकल्प लेने की अपील की.

कचरा उठाती डीएम

स्काउट-गाइड, एनसीसी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने लिया हिस्सा

अभियान में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, गृह रक्षा वाहिनी के जवान, जिला प्रशासन के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए. सभी ने सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता और विरासत संरक्षण का संदेश दिया.

सक्रिय योगदान देने की अपील की

डीएम ने अभियान में शामिल सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, जवानों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आम नागरिकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता और विरासत संरक्षण जैसे अभियानों को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है. जिला प्रशासन ने लोगों से बराबर की ऐतिहासिक विरासत को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >