जहानाबाद में डेंगू-चिकनगूनिया पर अलर्ट, डीएम ने जलजमाव खत्म करने और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश

जहानाबाद के डीएम ने डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए विशेष सफाई अभियान और जन-जागरूकता फैलाने के कड़े निर्देश दिए हैं.

Jehanabad News: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में डेंगू एवं चिकनगूनिया नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और रोकथाम की तैयारियों को लेकर अंतरविभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया.

जलजमाव वाले स्थलों की पहचान कर कार्रवाई का निर्देश

बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि जिले में जहां-जहां जलजमाव की स्थिति है तथा डेंगू मच्छरों के प्रजनन की संभावना है, वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर ऐसे स्थलों को तत्काल चिन्हित कर नष्ट किया जाए.

उन्होंने नगर निकायों और संबंधित विभागों को नियमित साफ-सफाई, जल निकासी, फॉगिंग तथा अन्य सभी आवश्यक निवारक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जीविका दीदी और जनप्रतिनिधियों को किया जाएगा प्रशिक्षित

डीएम ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को डेंगू एवं चिकनगूनिया के लक्षण, रोकथाम और बचाव के उपायों के संबंध में उन्मुखीकरण दिया जाए, ताकि समुदाय स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित हो सके.

उन्होंने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.

स्कूलों में चेतना सत्र और स्मार्ट क्लास के माध्यम से जागरूकता

जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों में चेतना सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए.

साथ ही स्मार्ट क्लास के जरिए जागरूकता वीडियो दिखाए जाएं तथा विद्यार्थियों को मच्छरदानी के उपयोग, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने और घर-आसपास जलजमाव नहीं होने देने के प्रति जागरूक किया जाए.

घर-घर पहुंचाया जाएगा जागरूकता संदेश

डीएम ने जीविका दीदियों को घर-घर जाकर डेंगू एवं चिकनगूनिया से बचाव संबंधी प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया.

वहीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मुखियाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया.

माइकिंग, पोस्टर और मीडिया के जरिए होगा प्रचार

नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन माइकिंग कर डेंगू एवं चिकनगूनिया से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार कराया जाए. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

इसके अलावा जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को होर्डिंग, फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया.

जनसहभागिता से ही मिलेगी सफलता

बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि डेंगू एवं चिकनगूनिया की रोकथाम जनसहभागिता से ही संभव है. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा कहीं भी जलजमाव नहीं होने दें, ताकि जिले को डेंगू एवं चिकनगूनिया मुक्त बनाया जा सके.

बैठक में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम), सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mritunjay Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >