PM Awas Yojana : जहानाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुरुवार को लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र और पूर्ण आवासों की प्रतीकात्मक चाबी का वितरण किया गया. कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय पदाधिकारी और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुक शामिल हुए.
4344 आवास स्वीकृत, 2405 का निर्माण पूरा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में जिले में कुल 4344 आवास स्वीकृत किए गए हैं. जिला स्तरीय कार्यक्रम में नवस्वीकृत लाभुकों में दीपमनी देवी, संगीता देवी, मानो देवी और पनपती देवी को डीएम एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने औपचारिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया.
वहीं, अब तक 2405 आवासों का निर्माण पूरा कराया जा चुका है. आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों में मधु कुमारी, गौरी देवी, रानी देवी और सरिता भारती को गृह प्रवेश के अवसर पर नवनिर्मित आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई.
समय पर आवास पूरा करने की दी गई सलाह
जिन लाभुकों को आवास निर्माण के लिए पहली, दूसरी या तीसरी किस्त की सहायता राशि मिल चुकी है, उन्हें बधाई संदेश देकर निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया. अधिकारियों ने लाभुकों को कम लागत में बेहतर, सुरक्षित और मजबूत आवास बनाने की तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी भी दी.
शौचालय से लेकर बिजली और एलपीजी तक मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ अन्य सरकारी योजनाओं के अभिसरण से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई. आवास निर्माण में अकुशल मजदूरी के लिए 90 दिनों के मजदूरी भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण के लिए सहायता राशि के अलावा बिजली कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल और एलपीजी कनेक्शन जैसी सुविधाओं के बारे में बताया गया. जीविका के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाओं की भी जानकारी दी गई.
पारदर्शिता के साथ पात्र लाभुकों को मिले योजना का लाभ
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सभी पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए. स्वीकृत आवासों का निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से लाभुकों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया.
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष, नागरिक सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष, निदेशक डीआरडीए, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
