अरवल में अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक, अवैध शराब और हथियारों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश

Arwal News: अरवल में एसडीपीओ कुमार संजय ने अपराध समीक्षा बैठक में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंट-कुर्की की कार्रवाई तेज करने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्ती मजबूत करने के निर्देश दिए.

Arwal News: अरवल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गयी. बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों, लंबित कांडों की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान गंभीर एवं संवेदनशील कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, समयबद्ध पर्यवेक्षण (सुपरविजन) तथा लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया.

वारंट और कुर्की में तेजी

एसडीपीओ ने फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कोर्ट से जारी वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने तथा लंबे समय से फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया. इसके साथ ही न्यायालय से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं के समय पर निष्पादन और गवाहों को समय पर कोर्ट में पेश करने पर भी बल दिया गया ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाएं

सड़क सुरक्षा और छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित व सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने का निर्देश दिया गया. बैठक में व्यावसायिक सुरक्षा के मद्देनजर बैंक, आभूषण प्रतिष्ठानों एवं अन्य संवेदनशील व्यावसायिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध सतत छापेमारी कार्रवाई करने को कहा गया.

पीड़ितों से करें शालीन व्यवहार

इसके अतिरिक्त थानों में आने वाली लंबित शिकायतों के त्वरित निष्पादन, आम जनता की जन शिकायतों के प्रति बेहद संवेदनशील रवैया अपनाने तथा न्याय की आस में आने वाले पीड़ितों के साथ शालीन व सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. एसडीपीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े सभी कार्यों में पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बरती जाये और किसी भी लापरवाही पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे.

Also Read: अरवल में सख्त वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों से हजारों रुपये का वसूला गया जुर्माना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nishikant kumr

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >