Jehanabad : छात्रा को न्याय दिलाने के लिए एबीवीपी ने निकाला आक्रोश मार्च

जहानाबाद की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई द्वारा बुधवार को एसएस कॉलेज परिसर में आक्रोश मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. आक्रोश मार्च के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.

जहानाबाद नगर. जहानाबाद की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई द्वारा बुधवार को एसएस कॉलेज परिसर में आक्रोश मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. आक्रोश मार्च के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. विदित हो कि जहानाबाद की छात्रा पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी, जहां उसके साथ अमानवीय कृत्य की घटना घटी. आरोप है कि इसके बाद प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉक्टर सतीश कुमार द्वारा कथित रूप से गलत मेडिकल रिपोर्ट जारी कर दुष्कर्म के तथ्य को छुपाने का प्रयास किया गया. एबीवीपी ने इसे न केवल कानून का उल्लंघन बल्कि पीड़िता के साथ गंभीर अन्याय बताया. श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए एबीवीपी जिला संयोजक सुरजीत कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा एसआइटी का गठन स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि संबंधित डॉक्टर को अविलंब गिरफ्तार किया जाए, ताकि वह देश से बाहर भागकर जांच को प्रभावित न कर सके. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जहानाबाद जिले में व्यापक आंदोलन किया जायेगा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. भगवत शर्मा एवं डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि यह घटना पूरे बिहार के लिए शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि अब बिहार की निर्भया को इंसाफ दिलाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है. वक्ताओं ने राज्य में संचालित कई अपंजीकृत हॉस्टलों पर भी सवाल उठाए और उनकी तत्काल जांच की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि केवल हॉस्टल संचालक की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है. मेडिकल रिपोर्ट से छेड़छाड़ करने वालों और साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने वाले सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ तभी सार्थक होगा जब बेटियां घर से बाहर सुरक्षित महसूस करेंगी. विभाग संयोजक गोपाल शर्मा, मिथुन कुमार, रोशन कुमार, रौनक कुमार, सोनू कुमार, मोनू कुमार, सोहित कुमार, शुभम कुमार, शिवम कुमार, अमन कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MINTU KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >