जहानाबाद से अशोक कुमार की रिपोर्ट जहानाबाद. जिले के काको थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतका की पहचान भेलावर थाना क्षेत्र के कुमडीहा गांव निवासी सीता देवी के रूप में की गयी है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. जानकारी के अनुसार, सीता देवी काको थाना क्षेत्र के फिरोजी अपने मायके में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गयी थीं. शादी संपन्न होने के बाद वह अपने बेटे शिवम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल कुमडीहा लौट रही थीं. इसी दौरान सरस्वती मोड़ के समीप किसी वाहन से साइड लेने के क्रम में बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिर गयी और गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच में जुट गयी है.
बेटे के साथ शादी से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत
बेटे के साथी में जा रही महिला बाइक से गिरी, मौत के बाद परिवार में कोहराम
