Jehanabad : राजाबाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलनिकासी के लिए बनाया चेंबर

जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर शहर के राजाबाजार स्थित रेलवे अंडरपास व उसके समानांतर बने अतिरिक्त अंडरपास में होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत दिलाने के लिए नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है

जहानाबाद सदर. जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर शहर के राजाबाजार स्थित रेलवे अंडरपास व उसके समानांतर बने अतिरिक्त अंडरपास में होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत दिलाने के लिए नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है. जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था के तहत अतिरिक्त अंडरपास के पश्चिमी हिस्से एवं उससे सटे दक्षिण दिशा में बड़े चेंबर का निर्माण कराया जा रहा है. करीब 10 मीटर लंबा और तीन मीटर चौड़ा यह चेंबर रेलवे अंडरपास, अतिरिक्त अंडरपास तथा आसपास के घरों से आने वाले नाली के पानी को संग्रहित करेगा. इसके बाद मोटर पंप सेट की सहायता से चेंबर में जमा पानी को नदी में प्रवाहित किया जायेगा, ताकि अंडरपास के नीचे पानी जमा नहीं हो सके. निर्माण कार्य बीती रात से ही शुरू कर दिया गया है. निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदते समय मिट्टी धंसने लगी थी, जिससे हादसे की आशंका उत्पन्न हो गयी थी. हालांकि जेसीबी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया. इसके बाद सुबह से चेंबर की ईंट से जुड़ाई का कार्य शुरू कर दिया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे अंडरपास एवं अतिरिक्त अंडरपास के नीचे जलनिकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण हमेशा नाली का पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है. स्थिति यह है कि अंडरपास से केवल बड़े वाहन ही किसी तरह गुजर पाते हैं, जबकि पैदल चलने वाले लोग रेलवे अंडरपास के उत्तर दिशा में बने नाले की ढलाई एवं अतिरिक्त अंडरपास के दक्षिण दिशा में बने नाले के ऊपर से होकर आने-जाने को मजबूर हैं. लगातार जलजमाव के कारण छोटे वाहनों का परिचालन भी प्रभावित होता है. रेलवे अंडरपास के नीचे सड़क की ढलाई भी टूट चुकी है. ऊपर से पानी जमा रहने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बना हुआ है और आये दिन लोग फिसलकर चोटिल होते रहते हैं. लोगों को उम्मीद है कि चेंबर निर्माण और मोटर पंप से जलनिकासी की व्यवस्था शुरू होने के बाद अंडरपास में होने वाली जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mintu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >