घरों में सिमटी जिंदगानी

परेशानी. 43 डिग्री पहुंचा तापमान, लोगों का हाल बेहाल सड़कों पर छा रहा सन्नाटा जहानाबाद (नगर) : एक बार फिर आसमान से आफत की बारिश होने लगी है. जिले में पड़ रही भीषण गरमी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. लोग गरमी से बेहद परेशान हैं. तेज पछूआ हवा व लू ने लोगों […]

परेशानी. 43 डिग्री पहुंचा तापमान, लोगों का हाल बेहाल

सड़कों पर छा रहा सन्नाटा
जहानाबाद (नगर) : एक बार फिर आसमान से आफत की बारिश होने लगी है. जिले में पड़ रही भीषण गरमी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. लोग गरमी से बेहद परेशान हैं. तेज पछूआ हवा व लू ने लोगों की दिनचर्या पर काफी असर डाला है. सुबह नौ बजे के बाद से ही आसमान से तपिश के रूप में आफत बरस रही है. साथ ही लू के प्रकोप से लोग अपने-अपने घरों में कैद रहना मुनासिब समझ रहे हैं. जो जरूरतमंद हैं वो लू की चपेट में आ रहे हैं.
बुधवार को जिले का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक रेकार्ड किया गया. स्थिति यह है कि लोग दस बजे तक अपना काम धाम करके घरों में आ जा रहे हैं. सरकारी कार्यालयों में भी काम करने वाले लोग भी नौ बजे के बाद ही अपने कार्यालय की ओर कुच कर जा रहे है. गरमी के कारण जलस्तर भी नीचे की ओर जा रहा है. जिनके घरों में 100 फीट तक की बोरिंग है ऐसे कई घरों के चापाकल फेल हो गये हैं. ऐसी हालात में जल सकंट गहराता जा रहा है.
जिसके घरों में चापाकल नहीं है वे पेयजल संकट से जुझ रहे हैं. कई गरीब परिवार सुबह से ही बाल्टी-तसला के साथ सरकारी नलों पर पानी संग्रह करने में जुट जा रहे हैं. पहले पानी लेने के लिए लोगों में आपाधापी की स्थिति मची हुई है.
चेहरा ढक कर घर से निकल रहे लोग
गरमी और लहर से बचने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग गमछे का सहारा ले रहे हैं. जिन लोगों को अति आवश्यक काम है वे घर से निकलते ही अपने सिर पर व चेहरे को गमछे से ढक लेते हैं. बाजार में गरमी को लेकर गमछे की बिक्री बढ़ गयी है. खासकर सफेद गमछे खूब बिक रहे हैं. पुरुषों के अलावा महिलाएं भी बाजार करने के दौरान अपने चेहरे को ढक कर निकलना मुनासिब समझती हैं. स्थिति यह है कि शहरी क्षेत्र के लोग शाम चार बजे के बाद ही मार्केटिंग करने के लिए निकल रहे हैं.
कारोबार कुप्रभावित
भीषण गरमी से शहर के बाजारों में वीरानी सी छायी है. दो दिन पूर्व तक जहां बाजार में चहल पहल रहती थी वहीं आज इसमें भारी कमी आ गयी है. हालांकि अभी भी जिनको जरूरत हैं वैसे लोग सामान की खरीदारी करने के लिए बाजार आ रहे हैं. वे भी दस बजे तक अपने काम का निपटारा कर ले रहे हैं. दोपहर में तो ऐसी स्थिति हो जाती है कि दुकानों में विक्रेता ग्राहकों का इंतजार करते रहते हैं. बुधवार को शहर के मेन रोड, अरवल मोड़, राजाबाजार, शिवाजी पथ में अन्य दिनों की अपेक्षा चहल पहल काफी कम दिखी. सब्जी मंडी में भी सुबह दस बजे के बाद सन्नाटा पसरा रहा.
शीतल पेय की मांग बढ़ी
भीषण गरमी को शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर इन दिनों शीतल पेय पदार्थोँ की बिक्री जम कर हो रही है. खास कर गन्ने के रस की डिमांड ज्यादा है. बाजार निकलने वाले लोग गरमी से राहत पाने के लिए जूस व अन्य शीतल पेय पदार्थोँ का सेवन करते नजर आते हैं. गन्ने के अलावा संतरा और मोसमी के जूस की दुकानों पर प्राय: भीड़ नजर आती है. हरेक नुक्कड़ पर शीतल पेय के स्टॉल लगे हैं. कोल्ड ड्रिंक्स और लस्सी का डिमांड बढ़ी हुई है. बढ़े भी तो क्यों नहीं क्योंकि गरमी से राहत पाने के लिए ये सभी पेय पदार्थ सहायक साबित हो रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >