जहानाबाद : शहर के अरवल मोड़ से पश्चिम जहानाबाद अरवल सड़क मार्ग एनएच 110 के किनारे संचालित एक दुकान में रविवार की रात चोरी हो गयी. उस दुकान से चोर 10 हजार नकद सहित करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति ले भागे. इस घटना की सूचना दुकान के संचालक धीरज कुमार ने पुलिस को दी है. घटना के संबंध में जय भवानी इंटरनेट प्वाइंट नामक प्रतिष्ठान के संचालक ने बताया कि प्रतिदिन की तरह रविवार की देर शाम दुकान बंद कर घर चले गये थे.
सोमवार की सुबह लोगों से उन्हें जानकारी मिली की उनकी दुकान में चोरी हो गयी है. सूचना पाकर जब वे अपने प्रतिष्ठान में आए तो दुकान की हालत देख हतप्रभ हो गए. चोर गिरोह उनकी दुकान के लकड़ी के दरवाजे का ताला तोड़ दिया था और वहां रखे कई सामान गायब थे. कई सामान तितर बितर पड़े थे. उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन के 10 सेट, एक हजार का रिचार्ज कूपन और 10 हजार रुपये चोर ले भागे थे. चोरी गये सामानों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बतायी गयी है. सूचना पाकर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
