साइबर क्राइम . गल्ला व्यवसायी को फोन कर मांगा बैंक एकाउंट नंबर
इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम जमा करने के नाम पर बैंक एकाउंट के माध्यम से ठगे रुपये
जहानाबाद : साइबर क्राइम से जुड़े अपराधियों का गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस बार शहर के उत्तरी दौलतपुर मुहल्ले के निवासी एक गल्ला व्यवसायी को अपराधियों ने अपना शिकार बनाया और उन्हें 50 हजार रुपये की चपत लगायी. इस संबंध में व्यवसायी वीरेंद्र कुमार ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है. आवेदन के आलोक में नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नागेंद्र सिंह मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.
प्राप्त खबर के अनुसार गल्ला व्यवसायी मैक्स इंश्योरेंस कंपनी के पॉलिसीधारक हैं. इन्होंने पुलिस को सूचित किया है कि 16 फरवरी को एक मोबाइल से उन्हें फोन आया और प्रीमियम की राशि 50 हजार रुपये जमा करने को कहा गया. व्यवसायी का कहना है कि जिस महिला और पुरुष ने मोबाइल फोन पर उनसे बात की उसने उनका नाम, पता और पॉलिसी नंबर सही बताया.
उसके विश्वास में आ जाने पर व्यवसायी ने अपने पॉलिसी नंबर 877046656 के संदर्भ में 50 हजार रुपये की प्रीमियम की राशि 16 फरवरी को जहानाबाद स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से बताये गये खाता नंबर पर मनी ट्रांसफर किया. तीन माह बाद 10 मई को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रीमियम की राशि जमा करने की सूचना दी गयी. तब व्यवसायी का माथा ठनका. जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि जिस एकाउंट नंबर पर उन्होंने मनी ट्रांसफर की है वह खाता दिल्ली के उत्तम नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का है.
खाता नंबर संध्या रानी के नाम से है. इसके बाद इन्हें पता चला कि साइबर क्राइम से जुड़े अपराधियों ने 50 हजार की चपत लगा दी है. लेकिन, व्यवसायी हैरत में हैं कि उनका नाम, पता और पॉलिसी का सही-सही नंबर ठगी करनेवाले गिरोह को कैसे मिला. इन्होंने कई शंका व्यक्त की है और पुलिस को सूचना देकर फर्जीवाड़ा में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का अनुरोध किया है.
