जहानाबाद : जिले के काको प्रखंड क्षेत्र में होने वाले पांचवें चरण के पंचायत चुनाव को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह सजग हैं. पूर्व के चार चरणों की तरह चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन कृतसंकल्पित है. निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने की सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. अप्राथमिकी प्रतिवेदन के आधार पर बिहार पंचायत आम चुनाव 216 के अवसर पर चिह्नित व्यक्तियों की सूची तैयार की गयी है.
ये वैसे लोग हैं जिनसे मतदान के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है. कुल एक हजार 809 चिह्नित व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 107/113/116 के तहत कार्रवाई की गयी है. 12 ऐसे लोगों के विरुद्ध सीसीए के तहत कार्रवाई की गयी है जिनसे अशांति फैलाये जाने की आशंका है. ऐसे लोगों को थानाबदर किया गया है. और सुनिश्चित किया गया है कि ये लोग प्रतिदिन अपनी हाजरी थाने में लगायेंगे . चुनाव को लेकर काको थाने की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. एसपी आदित्य कुमार के निर्देश पर काको थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने शनिवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया.
रोको टोको अभियान के तहत काको थाने के समीप बैरियर लगाकर छोटे-बड़े वाहनों की जांच की. खासकर मोटरसाइकिल सवारों को रोककर उनकी डिक्की और कागजात की जांच की गयी. इसके अलावा चौकीदारों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने इलाके में पैनी नजर रखें. और असामाजिक तत्वों की हर हरकत की तुरंत सूचना थाने को दें. प्राप्त खबर के अनुसार पंचायत चुनाव को लेकर काको थाने में 87 अप्राथमिकी मामला दर्ज किया गया है.
मामले में शामिल कुल 1187 लोगों के विरुद्ध धारा 107 के तहत नोटिस निर्गत किया गया है इसके अलावा द.प्र.स. की धारा 116(3) के तहत 622 लोगों के विरुद्ध बंध-पत्र की कार्रवाई की गयी है. थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिवा-रात्रि गश्ती तेज कर दी गयी है.
सादे लिबास में भी पुलिस कर्मियों को काको बाजार के अलावा ग्रामीण इलाकों में पैनी नजर रखने के लिए कहा गया है. इसके अलावा मोटरसाइकिल से एसएसबी के जवानों के द्वारा एरिया डोमिनेशन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान अशांति मचाने या उसकी कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पकड़े जाने पर उसे सीधे जेल भेजा जायेगा.
