जहानाबाद : किसानों द्वारा पैक्स को दिये गये धान की वास्तविक कीमत नहीं मिलने व गड़बड़ी की शिकायत करने पर किसानों को धमकी दी जा रही है. पैक्स अध्यक्ष द्वारा दिये गये धमकी से आहत किसान ने अपने बचाव में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है.
न्यायालय को दिये आवेदन में जिले के मखदुमपुर प्रखंड के नेर गांव निवासी अमित रंजन ने कहा है कि उंची रसूख रखने वाले पैक्स अध्यक्ष चंद्रभूषण कश्यप द्वारा हमेशा मुकदमा में फंसाने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने कहा है कि बिक्री किये गये धान की पूरी कीमत मांगने पर पैक्स अध्यक्ष उग्र हो गये तथा सूचक को गाली गलौज करते हुए बेचे गये धान की वास्तविक कीमत नहीं दी गयी . तथा राजनैतिक पहुंच के बल पर बरबाद करने की धमकी दी गयी.
बताते चलें की सूचक द्वारा पूर्व में भी धान की खरीदारी में गड़बड़ी का शिकायत पैक्स अध्यक्ष के विरुद्ध पदाधिकारी से की थी. पूर्व में की गयी गड़बड़ी की शिकायत की जांच नहीं होने से विपक्षी द्वारा मिल रही धमकी से सूचक काफी दहशत में है. उन्होंने न्यायालय में अपना पक्ष रखते हुए बचाव की गुहार लगायी है. इधर पैक्स अध्यक्ष द्वारा मोबाइल रिसिव नहीं करने के कारण उनसे बात नहीं हो पायी है.
