दारोगा के घर में डकैती
थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन से पश्चिम बूंद विहार कॉलोनी (इरकी) के निवासी दारोगा अनिल शर्मा के घर में मंगलवार की रात डकैती हुई.
जहानाबाद (नगर) : हथियारबंद अपराधियों ने दारोगा के अलावा उसी मकान में रहनेवाले उनके किरायेदार अनिल प्रसाद के घर में भी लूटपाट की. डकैतों ने दोनों के घरों से नकदी और आभूषण सहित करीब चार लाख की संपत्ति लूट ली और विरोध जताने पर आधा दर्जन लोगों को पीटकर घायल कर दिया. किरायेदार अनिल प्रसाद, इरकी पेट्रोल पंप के समीप लाइन होटल चलाते हैं. सिर फटने से जख्मी लोगों का इलाज यहां सदर अस्पताल में कराया गया.
घायल दारोगा के पुत्र एनएसजी कमांडो बताये गये हैं. घटना की सूचना पाकर बुधवार को एसपी आदित्य कुमार, एसडीपीओ असफाक अंसारी और नगर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली. दारोगा अनिल शर्मा झारखंड के बोकारों में पदस्थापित हैं.
अपराधियों की संख्या करीब 15 थी. सभी अपना चेहरा गमछे से ढके थे और गंजी-कच्छा पहने जुए थे. सात लुटेरे घर में लूटपाट कर रहे थे और सात-आठ की संख्या में अपराधियों ने घर को बाहर से चारों ओर घेर रखा था. घर में घुसे अपराधियों के पास परंपरागत हथियार था, जबकि बाहर में मुस्तैद लुटेरे राइफल-बंदूक लिये हुए थे.
दारोगा अनिल शर्मा की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि उनके मकान के एक हिस्से में होटल संचालक अनिल प्रसाद बतौर किरायेदार के रूप में रहते हैं. मंगलवार की रात करीब एक बजे डकैत गिरोह का एक सदस्य घर के पश्चिम दिशा से खिड़की के सहारे छत पर चढ़ गया और सीढ़ियों से उतर कर मकान के भीतर मैनगेट में लगे लोहे के ग्रिल का ताला तोड़ दिया. उसके बाद छह और लुटेरे घर में घुस आये. फिर दारोगा और किरायेदार के घरों के कमरे खुलवा कर लूटपाट की गयी. अपराधियों ने दोनों फ्लैटों के सभी पुरुष और महिलाओं को बंधक बना लिया.
विरोध जताने पर मारपीट की गयी. अपराधियों ने दारोगा के पुत्र कमांडो मनीष कुमार, उनकी वृद्ध मां, होटल संचालक किरायेदार अनिल प्रसाद, इनके भाई राजू कुमार, पुत्र आशीष कुमार और घर की महिलाओं के साथ मारपीट की गयी और लूटपाट कर निकल भागे. अपराधियों ने दारोगा के घर से नकद व आभूषण सहित करीब 50 हजार की संपत्ति लूटी. यह जानकारी दारोगा की पत्नी ने दी, जबकि घायल होटल संचालक ने बताया कि उनके घर से 25 हजार नकद और जेवर सहित करीब साढ़े तीन लाख की संपत्ति डकैत लूट कर ले भागे.
