पिंजौरा व इंदरपुर गांव स्थित खलिहान में हुई अगलगी की घटना
जहानाबाद : जिले के काको और मखदुमपुर थाना क्षेत्र के दो गांवों के खलिहान में मंगलवार को आग लगने से तकरीबन एक लाख रुपये मूल्य की फसल और पुआल जलकर नष्ट हो गयी. स्थानीय ग्रामीणों और दमकल के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. अगलगी की एक घटना काको थाना क्षेत्र के भेलावर ओपी अंतर्गत पिंजौरा गांव में हुई. गांव के निवासी किसान इदी यादव के खलिहान में आग लगने से वहां रखा पुआल का पुंज जलकर नष्ट हो गया.
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. धुंआ देख लोग वहां पहुंचे तब तक आग से क्षति हो चुकी थी. तकरीबन 50 हजार रुपये मूल्य के पुआल नष्ट होने की जानकारी दी गयी है. ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस घटना पर जनमुक्ति आंदोलन संगठन के जिला संयोजक हरिलाल प्रसाद यादव ने दुख व्यक्त किया है. और पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है.
मखदुमपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के इंदरपुर गांव निवासी किसान अभय सिंह के खलिहान में आग लगने से वहां रखी फसल और पुआल जलकर राख हो गया. इस घटना में किसान को तकरीबन 60 हजार रुपये की संपत्ति की क्षति हुई है. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. सूचना पाकर सीओ अर्जून कुमार प्रभावित खलिहान में पहुंचे और घटना का जायजा लिया.
