रतनी : शनिवार की रात चंधरिया मोड़ के समीप हुई लूटपाट के खिलाफ ग्रामीणों ने रविवार को कोडिहरा गांव के समीप जहानाबाद-अरवल एनएच 110 को जाम कर दिया. सड़क जाम कर रहे ग्रामीण अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों का कहना था कि चंधरिया मोड़ के समीप बनी झोंपड़ी अपराधियों का अड्डा बनी हुई है. इसी झोंपड़ी में अपराधी बैठे रहते हैं तथा घटना को अंजाम देते हैं.
ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किये जाने की सूचना मिलते ही परसबिगहा के थानाध्यक्ष रितु राज ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया. थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों की मांग पर चंधरिया मोड़ के समीप बनी झोंपड़ी को ध्वस्त कर दिया तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन ग्रामीणों को दिया.
थानाध्यक्ष द्वारा आश्वासन दिये जाने के उपरांत ग्रामीण सड़क से हटे. हालांकि इस बीच करीब एक घंटे तक एनएच 110 जाम रहा. मालूम हो कि शनिवार की रात करीब नौ बजे बाइक सवार अपराधियों ने कोडिहरा निवासी अजय कुमार नामक युवक को चंधरिया मोड़ के समीप जख्मी कर आठ हजार रुपये लूट लिये थे. घायल युवक जहानाबाद से ऑटो पर सवार होकर अपने घर जा रहा था.
चंधरिया मोड़ पर ऑटो से उतरने के बाद वह पैदल ही घर के लिए रवाना हुआ था. उसी वक्त बाइक सवार दो लुटेरों ने हथियार के बल पर उसे रोका और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. इस मामले में दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
