जहानाबाद : शहर के वार्ड नंबर सात के अनुग्रहपुरी कॉलोनी (टेनीबिगहा) के निवासी कई घरों के लोग एक नयी समस्या से जुझ रहे हैं. समस्या है पुराने आहर का अतिक्रमण किये जाने से गंदे पानी का निकास अवरुद्ध हो जाना. जहानाबाद रेलवे स्टेशन से पश्चिम एसएन सिन्हा कॉलेज जाने वाले मार्ग में है पुराना आहर. उस आहर को कुछ लोगों ने मिट्टी से भर दिया है.
और उस पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर दिया है. यह स्थिति मोहल्ले की बड़ी आबादी को नागवार गुजर रहा है. चुकी उनके घरों के गंदे पानी का निकास रुक जाने से स्थिति नारकीय होती जा रही है. शिकवा-शिकायत करने पर विवाद उत्पन्न हो जा रहा है. अप्रिय घटना की संभावना बनी हुई है.
अधिकारियों से लगायी गुहार
अनुग्रहपूरी कॉलोनी के 117 लोगों ने संयुक्त हस्ताक्षरित एक आवेदन डीएम, एसपी, एसडीओ, सीओ और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को प्रेषित किया है. अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि उनकी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समुचित कार्रवाई की जाये. मोहल्ले के निवासी चुन्नु कुमार, धनंजय कुमार, सुकेश कुमार, पूनम सिन्हा, बैजनाथ शर्मा, पंकज यादव, सहित अन्य कई लोगों ने मांग की है कि पुराने आहर की खुदाई करायी जाये ताकि लोगों के पानी की निकासी की समस्या का निराकरण हो सके.
एसएन सिन्हा कॉलेज रोड के दक्षिण तरफ का आहर काफी पुराना है. मोहल्ले के लोग बताते हैं कि वर्षों से पूरे टेनीबिगहा का पानी उसी आहर में गिरता था .लेकिन नये-नये मकान बनाए जाने से आबादी घनी हो गयी है. फिलहाल नये पुराने सैकड़ों घर अनुग्रहपुरी कॉलोनी में बने हुए हैं.
पूरे मोहल्ले में गंदे पानी के निकास की समुचित व्यवस्था नहीं है. नाली है ही नहीं. फिलहाल कहीं खेत में और उसी आहर के जरिये गंदे पानी का बहाव होते आ रहा है. लेकिन नये-नये मकान बनाने वाले कुछ लोगों ने अपने घर के आगे आहर को मिट्टी से भर दिया है. चाहरदिवारी का भी निर्माण कर दिया गया है. जिससे मोहल्ले के लोगों में गुस्सा है.
