तीन दिनों से बंद है ओटी
मरीजों का नहीं हो रहा ऑपरेशन
जहानाबाद नगर : जिले के सबसे बड़े अस्पताल सदर अस्पताल में गत तीन दिनों से ऑपरेशन का कार्य बंद है. ऑपरेशन थियेटर में मरम्मत कार्य कराये जाने के कारण तीन दिनों से ओटी बंद रहने से ऑपरेशन कार्य बाधित है. अस्पताल में प्रतिदिन दो-तीन मरीजों का ऑपरेशन हुआ करता था. जो गत तीन दिनों से बंद है. यहां तक कि सदर प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकरिया से भी मरीजों को ऑपरेशन के लिए सदर अस्पताल लाया जाता था.
ऑपरेशन कार्य बंद रहने से मरीजों की परेशानी बढ़ी है.
ऐसे में कुछ मरीज नये डेट मिलने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं कुछ मरीज ऑपरेशन के लिए निजी क्लिनिक का सहारा ले रहे हैं. ऑपरेशन थियेटर में हाइजेनिक स्थिति बनाने के उद्देश्य से रिपेयरिंग का कार्य कराया जा रहा है़ ओटी को हाइटेक बनाया जा रहा है ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान किया जा सके. वर्तमान में ओटी में जो बेड लगा है़ वह हाइड्रोलिक नहीं होने के कारण मरीजों को उठाने के लिए ओटी असिस्टेंट का सहारा लेना पड़ता है. वहीं ओटी में लगी लाइट भी उच्च क्वालिटी का नहीं होने के कारण कई बार चिकित्सकों को परेशानी उठाना पड़ता है. ओटी की दीवारों में टाइल्स नहीं लगे होने के कारण ओटी की सफाई भी प्रतिदिन नहीं हो पाता है. इन परेशानियों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा ओटी को हाइटेक बनाने का निर्णय लिया गया तथा मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया.
ओटी में कराया जा रहा कार्य
दीवारों में टाइल्स लगाया जा रहा ताकि प्रतिदिन उसकी सफाई की जा सके.
नया हाइड्रोलिक बेड लगाया जा रहा.
लाइट की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है
ओटी की स्थिति हाइजेनिक बनाया जा रहा.
महीने में कितने होते हैं ऑपरेशन:
सिजेरियन- 15-20
बंध्याकरण- 20-25
हाइड्रोसिल- 05-06
हरनिया- 01-02
अपेंडिक्स- 02-03
क्या कहते हैं अस्पताल उपाधीक्षक:
ओटी को हाइटेक बनाने के लिए मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें. हाइजेनिक स्थिति में ऑपरेशन हो यह सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है़
