डीलरों ने डीएम कार्यालय के समक्ष धरना देकर की मांग
रोषपूर्ण प्रदर्शन कर अध्यक्ष के बयान पर जतायी गहरी आपत्ति
जहानाबाद : स्वाभिमान बचाओ आंदोलन के तहत फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन जिला शाखा के बैनर तले जिले के जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों ने गुरुवार को यहां कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना दिया. रोषपूर्ण प्रदर्शन कर नारे लगाए. डीलरों ने यह आंदोलन किया राज्य के खाद्य आयोग के अध्यक्ष मो. असमतुल्लाह बुखरी क द्वारा किये गए कथित एक अमानवीय और गैर जिम्मेदाराना बयान के विरोध में.
धरना स्थल पर एसोसिएशन के डीलरों ने सभा कर कहा कि वे अपनी पूंजी और मेहनत से प्रतिमाह उपभोक्ताओं में राशन-किरासन का वितरण कर रहे हैं, लेकिन राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने डीलरों को लुटेरा कहा. यह भी कहा कि आपूर्ति विभाग के सभी स्तंभों को लुटेरा कहना अमानवीय व स्तब्धकारी बयान है. ऐसे व्यक्ति को अपने पद पर बने रहने का नैतिक, सामाजिक और मानवीय अधिकार नहीं है .
यह भी कहा कि राज्य प्रशासन के कर्त्तव्यनिष्ठता पर ऐसा बयान देना उन पर कुठाराघात है. इस बयान के विरोध में डीलर्स एसोसिएशन स्वाभिमान बचाओ आंदोलन के तहत हड़ताल पर हैं. आंदोलन के तहत ही पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत यह धरना दिया गया और डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया. धरना में चंदेश्वर सिंह, मिथिलेश कुमार, मनोज कुमार, समेत बड़ी संख्या में जन-वितरण प्रणाली के दुकानदार शामिल थे.
