जहानाबाद : आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्व सुखदेव प्रसाद वर्मा प्रेरणा के स्रोत थे. देश में लोकतंत्र बहाल होने के बाद उन्होंने गरीब-गुरबों को न्याय दिलाने के लिए खेत-खलिहान तक लड़ाई लड़ी थी. गरीबों को न्याय दिलाने में उन पर एक भी दाग नहीं लगा.
शुक्रवार को ये बातें सूबे के उद्योग व जिले के प्रभारी मंत्री जयकुमार सिंह ने कही. मखदुमपुर प्रखंड के सुगांव में पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री स्व सुखदेव प्रसाद वर्मा की 26 वीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रभारी मंत्री बोल रहे थे. इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मैन ऑफ द वर्ड की संज्ञा देते हुए कहा कि सीएम बात के बड़े पक्के हैं. जो कहते हैं वो करते हैं. देश के नेताओं को उनसे सबक लेना चाहिए.
केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि बिहार के एक भी शहर को स्मार्ट सिटी नहीं बनाना देश के राज्यों के बीच असंतुलन पैदा करने की कोशिश है. लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास की ओर अग्रसर है. राज्य के सभी मंत्री ओर विधायक सरकार के सात निश्चयों को पूरा करने के लिए अपने-अपने काम में लगे हैं. प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर 500 करोड़ रुपये के बेंचर कैपिटल बनाकर युवाओं को रोजगार देने की बात कही. समारोह की अध्यक्षता बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और संचालन पीएचइडी व कानून मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा ने की.
श्रद्धांजलि सभा में मंत्री श्रवण कुमार, स्थानीय विधायक सुबेदार दास, जहानाबाद के विधायक मुन्द्रिका सिंह यादव के अलावा विधायक सत्यदेव कुशवाहा, रविंद्र सिंह, अभय कुशवाहा, पूर्व सांसद गणेश प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक अभिराम शर्मा, विधान पार्षद मनोरमा देवी, जिला पर्षद की अध्यक्ष संगीता देवी, चन्द्रिका यादव, राजद के जिला अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन राही, जदयू जिलाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण, वरिष्ठ नेता मनोज यादव, दिलीप कुशवाहा सहित कई लोगों ने अपने संबोधन में स्व सुखदेव प्रसाद वर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला. इस मौके पर प्रभारी मंत्री के समक्ष कई मांगे रखी गयी.
स्व सुखदेव प्रसाद वर्मा की पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में मनाने, टेहटा को प्रखंड बनाने, मखदुमपुर रेफरल अस्पताल और सुगांव में स्व वर्मा की आदमकद प्रतिमा लगाने, घोसी में रैफ का प्रशिक्षण केंद्र बनाने और सुगांव वियर का जीर्णोद्धार कराने की मांग की गयी. धन्यवाद ज्ञापन मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा नेकी.
नहीं आये सीएम, छायी मायूसी:
पुण्यतिथि समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आना था लेकिन वे नहीं आ सके. मंच से उपस्थित जनसमूह को बताया गया कि तबीयत खराब रहने की वजह से सीएम नहीं आये. अपराह्ण पौने दो बजे जब हेलिकॉप्टर सभास्थल पर मंडराया तो उपस्थित महिलाएं, पुरुष व बच्चों की भीड़ उत्साहित होकर खड़ी हो गयी. लोग अपने सूबे के मुख्यमंत्री को चुनाव के बाद देखने व सुनने आये थे. लेकिन जब उन्हें पता चला कि नीतीश कुमार नही आयें हैं तो उनमें मायूसी छा गयी. उनका उत्साह थम गया.
कई लोग तो समारोह स्थल से उसी वक्त अपने घर की ओर रूख कर लिया.
विश्राम मुद्रा में हो गये अफसर व जवान
सीएम नीतीश कुमार के आगमन को लेकर प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किये गये थे. समारोह स्थल के चारो ओर सशस्त्र बलों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी.
समारोह स्थल से एक किलोमीटर पूर्व से ही जवानों की तैनाती की गयी थी. मंच के बगल में ही हेलिपैड बनाया गया था. सभास्थल तक जाने के लिए वीआइपी और सामान्य लोगों के लिए बनाये गये गेट पर दंडाधिकारी और एसएसबी के जवान तैनात थे. सभास्थल के चारो तरफ बैरिकेडिंग की गयी थी. लेकिन जब एनाउंस हुआ की सीएम नीतीश कुमार नहीं आये हैं तो सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात बल भी सावधान के बजाय विश्राम मुद्रा में हो गये .
भीड़ भी कम हो गयी थी. जो उपस्थित थे उनमें व्यापक लोग हेलिपैड को घेरकर हेलिकॉप्टर देखने में ज्यादा रुचि ले रहे थे. मंच पर पूर्व से कई जनप्रतिनिधि और नेता बैठे थे. हेलिकॉप्टर से उतर कर जब प्रभारी मंत्री और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष मंच पर आकर आसीन ही हुए थे कि लोगों के दवाब से मंच अचानक कड़का. मंच का एक पिछला भाग थोड़ा धंस गया था.
ऐसी स्थिति में मंचासीन नेता हड़ककर अपनी-अपनी कुरसी से उठ गये. कुछ ही मिनट बाद दूसरी बार मंच फिर कड़का. मंच टूटने की आशंका को भांपते हुए अधिकारियों ने कई स्थानीय नेता को मंच से उतार दिया. करीब दस अतिथि ही मंच पर विराजमान थे. अन्य नेताओं को मंच के दोनों तरफ बैठने की व्यवस्था की गयी थी.
कॉलेज में भी मनायी गयी पुण्यतिथि:
मां कमला चन्द्रिका जी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अंतर्गत संचालित साईं बीएड कॉलेज के सभागार में स्व सुखदेव प्रसाद वर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गयी. कॉलेजेज के चेयरमैन प्रो डाॅ चन्द्रिका प्रसाद यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और कहा कि स्व वर्मा एक पके समाजवादी नेता थे.
वे सादगी की प्रतिमुर्ति थे. जिन्होंने गरीबों, दलितों, पीड़ितों के लिए सदैव संघर्ष किया था. इस मौके पर जिला पर्षद के पूर्व अध्यक्ष कमला देवी के अलावा प्रो गिरिजा प्रसाद, डाॅ अजय कुमार सहित कई लोगों ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजली अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
