छात्र रोहित बेमुला की हत्या पर जताया विरोध
कहा- देश में शिक्षा का भगवाकरण करने की हो रही साजिश
जहानाबाद : छात्र रोहित बेमुला की मौत के विरोध में देशव्यापी कार्यक्रम के तहत बुधवार को अखिल भारतीय खेत मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने जहानाबाद शहर सहित जिले के तमाम प्रखंड मुख्यालयों में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी का पुतला फुंका. कार्यकर्ता मंत्री पर कारवाई करने की मांग कर रहे थे. पुतला दहन के पूर्व संगठन के झंडा बैनर व पुतले के साथ शहर में जुलूस निकाला गया. खेमस के जिला सचिव प्रदीप कुमार, रामबली यादव, संतोष केसरी सहित अन्य नेताओं ने पुतला फूंकने के बाद कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का रवैया दलित छात्र विरोधी है.
पूरे देश में शिक्षा का भगवाकरण करने की साजिश हो रही है. जिसके खिलाफ संपूर्ण भारत में छात्रों का आंदोलन चल रहा है. यह भी कहा कि दो दिनों पूर्व दिल्ली में आइसा से जुड़े छात्रों के जुलूस प्रदर्शन पर आरएसएस और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लाठीचार्ज कर दर्जनों छात्र-छात्राओं को घायल कर दिया गया. ऐसी कारवाई से भाजपानीत मोदी सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है. खेमस इसके विरुद्ध आंदोलन तेज करेगा.
इधर घोसी प्रतिनिधि के अनुसार. दलित छात्र रोहित बेमुला की हत्या के खिलाफ बुधवार को अखिल भारतीय ग्रामीण मजदूर सभा घोसी के द्वारा आंबेडकर चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन बुंदेल दास के नेतृत्व में किया गया. इस मौके पर लोगों ने छात्र रोहित की हत्या की सीबीआइ से जांच कराने, कंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा श्रम मंत्री को बरखास्त कर उन पर हत्या का मुकदमा चलाने और गिरफ्तार करने तथा हैदराबाद यूनिवर्सिटी के उपकुलपति पर भी हत्या का मुकदमा कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. पुतला दहन करने वालों में रविरंजन पासवान, बुद्धदेव यादव, प्रेमचंद, अवधेश मांझी, राम एकबाल केवट समेत कई लोग शामिल थे.
