Jehanabad News : जहानाबाद जिले के काको पाली थाना क्षेत्र के बेम्बई गांव में गुरुवार को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बेम्बई गांव निवासी उपेंद्र शर्मा के पुत्र सागर कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था सागर
ग्रामीणों के अनुसार सागर कुमार गुरुवार को दो अन्य बच्चों के साथ गांव के समीप स्थित तालाब में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह अचानक तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथी बच्चों ने उसे डूबता देख शोर मचाया और आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
काफी मशक्कत के बाद पानी से निकाला
बच्चों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे और बालक को बचाने के लिए पानी में उतर गए. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सागर को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काको लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
सागर की मौत की खबर मिलते ही बेम्बई गांव में मातम पसर गया. परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने पर पाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया.
