हादसे के बाद बिन दूल्हा-दुल्हन लौटी बरात

मखदुमपुर : रतनी प्रखंड क्षेत्र के नारायणपुर टोला मठिया से ब्रजेश राम के पुत्र मुकेश कुमार की बरात कोंच थाना क्षेत्र के सियारी मठिया जा रही थी. बारात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार एक बराती की मौत दुर्घटना में हो गयी. जबकि दूल्हे का एक भाई एवं एक अन्य रिश्तेदार भी जख्मी हो […]

मखदुमपुर : रतनी प्रखंड क्षेत्र के नारायणपुर टोला मठिया से ब्रजेश राम के पुत्र मुकेश कुमार की बरात कोंच थाना क्षेत्र के सियारी मठिया जा रही थी. बारात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार एक बराती की मौत दुर्घटना में हो गयी. जबकि दूल्हे का एक भाई एवं एक अन्य रिश्तेदार भी जख्मी हो गए. इससे खुशी का माहौल गमगीन हो गया.
घटना के बाद पूरी बरात वापस लौट गयी. सामाजिक दबाव में शादी की रस्में तो पूरी हुई लेकिन दूल्हा-दुल्हन की विदाई नहीं हो पायी. जानकारी के अनुसार रतनी प्रखंड के नारायणपुर टोला मठिया निवासी ब्रजेश राम के पुत्र मुकेश कुमार की बरात जा रही थी. बैंडबाजों के साथ बरात गांव से रवाना हुई. हर तरफ खुशी का माहौल था. करीब एक किलोमीटर पूर्व ही अहियापुर नहर के समीप अनियंत्रित होकर बाइक सवार नहर में गिर गए जिसमें एक की मौत हो गई. उसकी पहचान रतनी प्रखंड के सरता गांव निवासी विनय राम का पुत्र मिठू कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई. दुर्घटना में दूल्हे का भाई विमलेश कुमार और नागेंद्र कुमार बुरी तरह से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बरातियों की भीड़ जमा हो गई. हादसे के बाद अधिकांश बराती वापस लौट गये. बरात गये ग्रामीण अखिलेश कुमार ने बताया कि बरात दुल्हन के गांव में पहुंच गई थी. दूल्हे की गाड़ी भी पहुंच चुकी थी. एकाएक सूचना आयी कि बराती आ रहे मोटरसाइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गये और एक की मौत भी हो गयी. तभी माइक पर गाये जा रहे मांगलिक गीत बंद हो गये. दूल्हा के दादा महादेव राम, पिता ब्रजेश राम समेत समूचे बराती घटनास्थल पहुंचकर बुरी तरह घायल दूल्हे के भाई विमलेश का इलाज कराने के लिए जुट गये. उसकी हालत खराब होता देख स्थानीय चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिये पटना भेज दिया. वहीं बचे बराती मृतक को लेकर गांव पहुंचे. हालांकि सामाजिक और वैदिक दबाव के कारण विवाह की रस्म पूरी की गयी, लेकिन दूल्हा -दुल्हन की विदाई नहीं हुई.
नारायणपुर मठिया का माहौल हुआ गमगीन : बरात गये युवक की मौत के बाद नारायणपुर मठिया का माहौल गमगीन हो गया. मृतक की बहन शव के पास दहाड़ मार कर रो रही थी. वहीं आस-पास के गांव से काफी संख्या में जुटे लोग परिवार वालों को सांत्वना देने में जुटे थे. ज्ञात हो हादसे में जान गंवाने वाला युवक अपनी बहन के देवर की बरात जा रहा था, तभी उसकी मौत मोटरसाइकिल दुर्घटना में हो गयी.
विनय के घर का बुझ गया चिराग, बस से उतर बाइक पर हुआ था सवार: बरात जा रहे युवक की मौत से घर का इकलौता चिराग भी बुझ गया. मृतक मिठू सरता गांव निवासी विनय राम का इकलौता पुत्र था. दूल्हे के चाचा महेंद्र राम ने बताया कि मिठू दो भाई और तीन बहन थे. एक भाई की कुछ वर्ष पहले ही एक दुर्घटना में मौत हो गयी थी. उन्होंने बताया कि मिठू पहले बस पर सवार था, लेकिन अहियापुर के समीप मोटरसाइकिल से बरात जा रहे दूल्हे के भाई विमलेश के साथ चला गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >