घटना के विरोध में विद्यार्थी परिषद ने शहर में निकाला आक्रोश मार्च
जहानाबाद : बीते दिन जहानाबाद के भरथुआ में दिनदहाड़े बीच सड़क पर महादलित परिवार के नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की कोशिश के विरोध में छात्र संगठन ने मंगलवार को शहर में आक्रोश मार्च निकाला. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई के दर्जनों कार्यकर्ता पटना-गया मार्ग से होते हुए विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरे तथा घटना की निंदा की. आक्रोश मार्च में शामिल छात्र हाथ में तख्तियां लिये घिनौना हरकत में शामिल अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग प्रशासन से की.
उन्होंने कहा कि मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना से लोग शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं. नगर मंत्री ने कहा कि प्रशासन छात्रा को नि:शूल्क कानूनी सहायता तथा पांच लाख रुपये आर्थिक मदद करें. प्रांतीय समिति सदस्य मुकेश कुमार, नगर उपाध्यक्ष हरिशंकर शर्मा, जिला संयोजक राजेश कुमार, विक्रम कुमार, अंकुश कुमार, रजनीश कुमार, मनीष केसरी आदि मौजूद थे.
