रतनी (जहानाबाद) : शकुराबाद थाने के फौलादपुर गांव के समीप तेज गति से आ रहे हाइवा ने फौलादपुर निवासी राजनंदन यादव की पत्नी पानपति देवी को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने पीछा कर हाइवा को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक कंसुआ मोड़ के समीप गाड़ी से कूदकर फरार हो गया. घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने हाइवा में आग लगा दी, जिससे हाइवा पूरी तरह जलकर राख हो गया.
इसके बाद लोगों ने फौलादपुर के समीप शकुराबाद-कुर्था मार्ग को घंटों जाम कर चालक की गिरफ्तारी व परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. इस मामले में मृतका के पति राजनंदन यादव के बयान पर हाइवा चालक पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इधर, चौकीदार देवेंद्र कुमार के बयान पर 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हाइवा जलाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
