आंतरिक संसाधन की बैठक में दिया निर्देश
जहानाबाद (नगर) : राजस्व वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से डीएम मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन व स्कोर की बैठक हुई. कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को सरकार द्वारा प्राप्त लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया. डीएम ने एक-एक विभाग की समीक्षा करते हुए वैसे विभागों को सख्त निर्देश दिया, जिनकी राजस्व वसूली लक्ष्य से काफी पीछे है. वहीं, लक्ष्य को प्राप्त करने वाले विभागों को और बेहतर करने की नसीहत दी. बैठक में समीक्षा के क्रम में बताया गया कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है.
डीएम ने विभागीय अधिकारी को और बेहतर करने का निर्देश देते हुए कहा कि वे नियमित रूप से वाहनों की जांच कराएं तथा बिना निबंधन तथा ओवरलोडेड वाहनों से जुर्माना वसूलें. बैठक में निबंधन विभाग, मत्स्य विभाग, सेल टैक्स विभाग आदि की समीक्षा करते हुए डीएम ने राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने को कहा. बैठक में अपर समाहर्ता रमेश चंद्र झा के अलावा सभी विभागों के अधिकारी शामिल थे.
