बाढ़ से बेघर हुए दो दर्जन महादलित परिवारों के लोग

दूसरे ग्रामीणों के दरवाजे पर लिये हुए हैं शरण जहानाबाद : सदर प्रखंड के अमैन पंचायत अंतर्गत आलमपुर गांव के महादलित परिवार के लोग नदी में आयी बाढ़ से परेशान हैं. बाढ़ का पानी पंचायत क्षेत्र के आलमपुर गांव स्थित महादलित टोले के करीब दो दर्जन घरों में घुस गया है. दस परिवारों का घर […]

दूसरे ग्रामीणों के दरवाजे पर लिये हुए हैं शरण

जहानाबाद : सदर प्रखंड के अमैन पंचायत अंतर्गत आलमपुर गांव के महादलित परिवार के लोग नदी में आयी बाढ़ से परेशान हैं. बाढ़ का पानी पंचायत क्षेत्र के आलमपुर गांव स्थित महादलित टोले के करीब दो दर्जन घरों में घुस गया है. दस परिवारों का घर गिर जाने और तकरीबन 15 घरों में बाढ़ का पानी घुसे रहने से लोग बेघर हो गये हैं. उनके समक्ष खाने-पीने और पशुओं के लिए चारा की समस्या उत्पन्न हो गयी है. इस मामले में युवा राजद के प्रदेश महासचिव सुदय यादव के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं का एक शिष्टमंडल मंगलवार को आलमपुर गांव का दौरा किया और बाढ़ से प्रभावित महादलित टोले का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग प्रशासन से की है.
दौरे से लौटने के बाद राजद नेताओं ने बयान जारी कर बताया कि आलमपुर महादलित टोले के निवासी बलिराम दास , बच्चु पासवान, जगदीश दास, गोरख दास, कइल ठाकुर, कमलेश दास, मुनि दास, मुनि देवी समेत दस गरीबों का घर बाढ़ से गिर गया है. इसके अतिरिक्त रामवरण दास, ललन राम, बृज पासवान, मुनि पासवान और कैलाश ठाकुर समेत अन्य गरीबों के घरों में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है. बाढ़ से प्रभावित लोग दूसरों के दरवाजे पर बसेरा बनाये हुए हैं. राजद नेताओं ने कहा है कि जिन महादलित परिवारों के घर गिरे हुए हैं उनका मकान मिट्टी और फुस का बना हुआ था . बाढ़ का पानी उनके घरों की सारी संपत्ति को नष्ट कर दिया है. मवेशियों के समक्ष चारा की समस्या भी उत्पन्न हो गयी है. राजद नेता सुदय यादव के अलावा कामेश्वर सिंह, परमहंस राय, भोली यादव और सुरेश यादव ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गरीबों को तत्काल राहत दी जाय. पशुओं के लिए चारा की व्यवस्था की जाय. पीड़ित परिवारों का इंदिरा आवास बनवाने की भी मांग की है.
बधारों में फैला बाढ़ का पानी: रतनी. बलदईया नदी में आयी बाढ़ के कारण कई गांवों के बधारों में पानी फैल गया है. कई एकड़ में लगे धान की फसल डूब गयी है. रघुनिचक, मौलानाचक, सुजौला, महुआ बिगहा, मुस्तीचक, रीता बिगहा, इंद्रबिगहा, भंवर बिगहा समेत कई गांवों की फसल डूब चुकी है. बधारों में पुनपुन नदी का पानी भी प्रवेश कर गया है. सिजौला गांव के समीप बलदईया नदी का तटबंध टूट जाने के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी फसल बरबाद होने के कगार पर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >