जहानाबाद,नगर : जिले में बारिश ने कहर बरपाना आरंभ कर दिया है. लगातार हो रही बारिश से जहां नदी-नाले उफान पर हैं वहीं गड्ढों तथा तालाबों में भी लबालब पानी भर गया है. ऐसे में पानी लोगों के लिए मौत का कारण बनने लगा है. रविवार को जिले में एक युवक समेत दो लोगों की मौत पानी में डूबने से हो गयी. मृत युवक काको प्रखंड क्षेत्र के बढ़ौना पंचायत अंतर्गत लिलिया बिगहा निवासी रामजतन यादव का पुत्र राकेश कुमार (24 वर्ष) है.
वहीं काको प्रखंड क्षेत्र के ही सातनपुर निवासी स्व प्रभु यादव का पुत्र विजय यादव (50 वर्ष) की मौत भी पानी में डूबने से हो गयी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक स्नातक अंतिम वर्ष का विद्यार्थी था. वह जिला मुख्यालय में ही रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा था. 29 जुलाई को वह अपने घर गया था. घर पर वह भैंस चराने के उद्देश्य से भैंस लेकर घर से बहार निकला था. बताया जाता है कि वह भैंस धोने गांव के समीप स्थित कड़रूआ नाला गया था.
जहां डूबने से उसकी मौत हो गयी. शनिवार की शाम हुई घटना के बाद मृतक का शव परिजनों को नहीं मिल पाया था. रविवार को शव जब नाला में देखा गया तो ग्रामीणों के सहयोग से उसे निकाला गया. घटना की जानकारी पुलिस को हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने बताया कि मृतक अपने घर का एकलौता चिराग था. इसी वर्ष चार मई को उसकी शादी मखदुमपुर थाना क्षेत्र के मलाठी निवासी प्रीति कुमारी के साथ हुई थी.
घटना के उपरांत मृतक के परिजन तथा उसके ससुराल पक्ष के लोग काफी आहत देखे जा रहे थे. इधर काको प्रखंड क्षेत्र के सातनपुर गांव में भैंस धोने के क्रम में ही पानी भरे गड्ढे में डूब जाने से विजय यादव की मौत हो गयी. बताया जाता है कि मृतक घर से भैंस चराने निकला था. बधार में भैंस पानी से भरे गड्ढे में बैठ गयी. भैंस को निकालने जब वह गड्ढे में गया तो डूबने से उसकी मौत हो गयी. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.
