मनरेगा योजना में जांच के दौरान मामला गरमाया
जहानाबाद : रतनी प्रखंड के चिकसौरा गांव में मनरेगा की जांच को लेकर पहुंचे पदाधिकारी से शिकायत पर मेट व गड़बड़ी के शिकायतकर्ता में झड़प हुई. जानकारी के अनुसार मंगलवार को मनरेगा योजना में गड़बड़ी की जांच में पीओ संजय कुमार कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार गांव स्थित कार्यस्थल पर पहुंचे.
पदाधिकारी के पहुंचने पर शिव मंदिर के पास मिट्टी भराई में अनियमितता की शिकायत अनिल कुमार ने की तथा मनरेगा योजना में आदमी की जगह जेसीबी व ट्रैक्टर से मिट्टी भराई कराने का आरोप लगाया. मेट के रूप में कार्य कर रहे अजय कुमार को शिकायतकर्ता की शिकायत नागवार गुजरी तथा वे आग बबूला हो गये एवं दोनों आपस में उलझ गये. मामला गरमाते देख जांच पदाधिकारी खिसक गये. बताते चलें कि रतनी प्रखंड के चिकसौरा में अनशनकारी नागेंद्र कुमार एवं रामध्यान प्रसाद ने मनरेगा में स्कूली छात्र पेंशनधारी के नाम पर राशि की निकासी एवं जेसीबी से कार्य कराने की शिकायत की थी. तय तिथि के अनुसार मंगलवार को जांच पदाधिकारी वहां जांच करने गये थे़
