जोखिम भरी होती है एनएच 110 पर यात्रा
हाइकोर्ट के आदेश का नहीं हो रहा है पालन
दुर्घटना होने की बनी रहती है आशंका
जहानाबाद : जहानाबाद-अरवल पथ एनएच 110 पर अवैध ब्रेकर की भरमार रहने से आम यात्रियों को सुखद यात्रा में परेशानी उत्पन्न हो रही है. दर्जनों जगहों पर बनाये गये अवैध ब्रेकर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहे हैं. उक्त पथ पर 35 किमी की दूरी में मोथा, अंगारीचक, मेहरौर, खलीलपुरा,भदासी, इमामगंज, अतौलह, मिर्जापुर, किंजर, किंदुइ, झुनाठी, गोडीहा सहित डेढ़ दर्जन से ऊपर जगहों पर अवैध ब्रेकर का निर्माण कर हाइकोर्ट के आदेश की धज्जियां उड़ायी जा रही है. हाइकोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने और प्रशासन के सुस्त रवैये के कारण देखा देखी हर गांव में अवैध ब्रेकर का निर्माण कर दिया जाता है.
किंजर सहित कई जगहों पर बीच सड़क पर ही बिजली का खंभा रख दिया गया है. जिससे यात्री वाहनों को सड़क पार करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. सड़क पर तेज रफ्तार से जाने वाले वाहनों पर अवैध ब्रेकर लगाम लगाने का काम करती है. कभी-कभार तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहनों के लिए अवैध ब्रेकर काफी खतरनाक साबित हो रहा है. खासकर दो पहिया वाहन मोटरसाइकिल, साइकिल सवार वाहन की गति अधिक रहने पर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.
लग्न के मौसम में अंजान वाहनों के लिए बेहद ही खतरनाक साबित होता है.
किंजर तक जहानाबाद तक निर्माण कार्य है जारी : अरवल-जहानाबाद पथ पर किंजर से जहानाबाद के बीच दर्जनों जगहों पर पुल-पुलिया का निर्माण कार्य जारी है. पुलिया का निर्माण कार्य चलने के कारण वाहनों का आवागमन डायवर्सन के सहारे होती है. डायवर्सन की स्थिति बेहद खराब है. खराब स्थिति रहने के कारण आये दिन भारी वाहन डायवर्सन में फंसता रहता है. ट्रक, बस, ट्रैक्टर सहित कई छोटे-बड़े मालवाहक वाहन के फंसने से आवागमन बाधित होता है.
दो माह से ऊपर से चल रहे पुलिया का निर्माण कार्य काफी मंद गति से हो रहा है. कहीं-कहीं पुलिया का निर्माण कार्य जमीन से ऊपर नहीं पहुंच पाया है. ऐसे में बरसात के पहले पुलिया का निर्माण कार्य पूरा कराना नामुमकिन दिख रहा है. पिछले दिनों एनएचआइ के कार्यपालक अभियंता ने डायवर्सन की स्थिति खराब रहने पर डायवर्सन को ठीक कराने की बात कही थी. लेकिन पदाधिकारियों का निर्देश कागज के फाइल में दम भर रही है. धरातल पर कुछ भी नहीं दिख रहा है.
राणापुर निवासी सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि सैकड़ों गांव का लाइफ लाइन अरवल-जहानाबाद पथ पर कई वर्षों से निर्माण कार्य जारी है. कब पूरा होगा यह आम लोगों के समझ से परे हो गया है. अगर जम कर बारिश हो गयी तो अरवल-जहानाबाद पथ पर वाहनों का आवागमन कभी भी बंद हो सकता है.
