जहानाबाद (नगर) : समान शिक्षा अधिकार मंच एवं प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट द्वारा समान स्कूल प्रणाली आयोग की सिफारिश लागू कराने की मांग को लेकर प्रतिवाद निकाला गया. गांधी मैदान स्थित गांधी पार्क से निकाला गया प्रतिवाद मार्च मुख्य मार्ग होते हुए समाहरणालय के समक्ष पहुंचा. प्रतिवाद मार्च में शामिल लोग राष्ट्रपति हो या भंगी की संतान-सबको शिक्षा एक समान, शिक्षा का निजीकरण बंद करो-समान स्कूल व्यवस्था लागू करो की मांग कर रहे थे.
समाहरणालय के समक्ष पहुंच प्रतिवाद मार्च सभा में तब्दील हो गया. सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक रामउदय कुमार ने कहा कि बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि वर्तमान सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा प्रोफेसर मुचकंद दूबे की अध्यक्षता में गठित समान स्कूल प्रणाली आयोग की सिफारिश को 10 साल बीत जाने के बावजूद लागू नहीं किया गया है. इससे प्रदेश की जनता बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मौलिक अधिकार से वंचित हैं. बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार उन्हें तभी हासिल होगा जब प्रदेश में समान शिक्षा व्यवस्था लागू होगी. नेताओं ने कहा कि न्याय के साथ विकास की बात करनेवाली सरकार प्रदेश में समान स्कूल प्रणाली आयोग की अनुशंसाओं को बिना देर किये लागू करे. सभा को सत्येंद्र कुमार, वासुदेव सिंह, अरविंद कुमार, मीना कुमारी आदि ने संबोधित किया. अंत में जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा.
