झाझा स्टेशन पर मालगाड़ी की गार्ड बोगी में बेहोश मिला युवक, शरीर पर चोट के निशान; होश में आया तो बतायी पहचान

झाझा रेलवे स्टेशन पर रविवार को मालगाड़ी की गार्ड बोगी में एक युवक बेहोश हालत में मिला, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. युवक के सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं. होश आने पर उसने अपनी पहचान बताई है और पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

जमुई के झाझा रेलवे स्टेशन पर रविवार को मालगाड़ी की गार्ड बोगी में बेहोश मिले युवक ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं. प्लेटफॉर्म संख्या एक की लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी की गार्ड बोगी में युवक के पड़े होने की जानकारी तब मिली, जब ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी. सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल ले गये.

ओवरब्रिज से लोगों की पड़ी नजर, मची अफरा-तफरी

रविवार को झाझा स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी. इसी दौरान ओवरब्रिज से गुजर रहे कुछ लोगों ने गार्ड बोगी में एक युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा. युवक के इस तरह बोगी में पड़े होने की सूचना मिलते ही स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी आरपीएफ और जीआरपी को दी. सूचना मिलते ही दोनों सुरक्षा एजेंसियों के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को बोगी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

सिर और पैर समेत शरीर पर मिले चोट के निशान

युवक को झाझा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. बीके राय ने उसका प्राथमिक उपचार किया. जांच के दौरान युवक के सिर, पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान मिले. चोट की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

चिकित्सक डॉ. बीके राय ने बताया कि युवक के सिर और पैर में गंभीर चोट पायी गयी है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

होश में आया तो बताया अपना नाम और पता

प्राथमिक उपचार के बाद युवक को होश आया. उसने अपना नाम तेज आफताब बताया. युवक ने अपने पिता का नाम अशरफ अंसारी और खुद को झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी बताया.

युवक की पहचान सामने आने के बाद पुलिस उसके बताये पते के आधार पर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि घटना की पूरी जानकारी सामने आ सके.

गार्ड बोगी तक कैसे पहुंचा युवक, पुलिस कर रही जांच

जीआरपी थानाध्यक्ष मसूदन कुमार ने बताया कि युवक द्वारा बताये गये पते के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल युवक का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक मालगाड़ी की गार्ड बोगी तक कैसे पहुंचा. साथ ही उसके शरीर पर चोट कैसे लगी और वह कितनी देर से बेहोशी की हालत में बोगी में पड़ा था, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है. घटना की वास्तविक परिस्थिति युवक के होश में आने और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >