सोनो . थाना क्षेत्र के भुराहा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में बमबम शर्मा (31) की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, वह पड़ोस के एक घर में छत पर पंखा लगाने गए थे. छत की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह एक ड्रम पर चढ़कर पंखा फिट कर रहे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े.
नुकीला सब्बल शरीर में धंसने से हुई गंभीर चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे गिरते ही वहां रखा लोहे का नुकीला सब्बल उनके शरीर में जांघों के बीच धंस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी. हालांकि, इसी दौरान उनकी मौत हो गई.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे भुराहा गांव में शोक का माहौल है. बमबम शर्मा मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक अपने पीछे पत्नी रीता कुमारी, सात वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी और चार वर्षीय पुत्र रुद्र कुमार को छोड़ गए हैं. परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
