कोहबरवा-झाझा-धमना मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने भैंस चराने जा रही 55 वर्षीय महिला को कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे बाद में बांका जिले के सुइयां थाना की पुलिस ने पकड़ लिया.
भैंस चराने जा रही थीं सोनिया देवी
मिली जानकारी के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र के सोनदीपी गांव निवासी बजरंगी यादव की पत्नी सोनिया देवी सोमवार की सुबह अपनी भैंस को चराने के लिए ले जा रही थीं. इसी दौरान कोहबरवा-झाझा-धमना मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये.
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना की पुलिस थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया गया. थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मृतका के परिजनों को नियमानुसार मिलने वाले सरकारी मुआवजे का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग किया जायेगा. पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया और आवागमन सामान्य हुआ.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर, दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को बांका जिले के सुइयां थाना पुलिस द्वारा पकड़ लिये जाने की जानकारी मिली है.
