चकाई. गुरुवार को संध्या चार बजे के करीब चकाई में हुई लगभग एक घंटे बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गयी, वहीं असमय बारिश से एक बार फिर चकाई चौक पर जलजमाव से लोगों सहित वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पूर्व में भी इस समस्या के निदान के लिए कई बार पुलिस प्रशासन से स्थानीय लोगों ने गुहार लगाई. कांग्रेस नेता रामेश्वर यादव सर्वदलीय शिष्टमंडल के साथ तत्कालीन जिलाधिकारी से मिल कर जल निकासी का आग्रह किया, लेकिन अभी तक कोई निदान नहीं निकला. पिछले साल सावन माह के पूर्व चकाई बीडीओ कृष्णा कुमार सिंह, सीओ राजकिशोर साह ने जेई के साथ जलजमाव का निरीक्षण भी किया था. यह तय किया गया कि चकाई प्रखंड कार्यालय के बगल से उत्तर की और नाला बनाकर पानी की निकासी की जायेगी. फिर भी अब तक इसका कोई निदान नहीं निकला. चकाई विधायक, सांसद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि से भी जल निकासी का आग्रह किया गया मगर आश्वासन के सिवा कुछ न मिला.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
