जंगल में प्रेमी युगल अभद्रता का वीडियो वायरल

जांच में जुटी पुलिस

बरहट. मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना जंगल के पास गुरुवार को मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. इसका एक 13 सेकंड का वीडियो शनिवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. मिली जानकारी के अनुसार, एक प्रेमी जोड़ा पतनेश्वर मंदिर के समीप स्थित चर्चित पुरानी इमारत 52 कोठली 53 दरवाजा घूमने आया था. घूमते-घूमते दोनों जंगल की ओर निकल गये, जहां पहले से मौजूद कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया. इस दौरान प्रेमी युवक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया, लेकिन युवती भीड़ के बीच फंस गयी. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग युवती के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग उसे बचाने की कोशिश भी कर रहे हैं. युवती बार-बार विरोध करती रही, लेकिन भीड़ का दबाव उस पर भारी पड़ता दिखा. सिर्फ 13 सेकंड के इस वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. घटना के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है. लोग सोशल मीडिया पर भी इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. चर्चा है कि प्रेमी युगल जमुई जिले का ही रहने वाला है. इस मामले को लेकर मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है् उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANIMESH KUMAR

ANIMESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >