Jamui Traffic News : जमुई जिले के चकाई स्थित बटिया घाटी में शुक्रवार को दो मालवाहक ट्रकों की टक्कर के बाद कई घंटों तक भीषण जाम लगा रहा. दुर्घटना में एक ट्रक सड़क पर क्षतिग्रस्त होकर फंस गया, जिससे बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका.
टक्कर के बाद सड़क पर फंसा ट्रक, दोनों ओर लगी लंबी कतार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक ट्रक सड़क पर ही क्षतिग्रस्त होकर अटक गया. इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद हटवाया ट्रक
घटना की सूचना मिलते ही चकाई पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने का अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका.
कोर्ट जाने वाले व एयरपोर्ट यात्रियों को हुई परेशानी
बटिया घाटी चकाई को जमुई, देवघर और गिरिडीह से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग सफर करते हैं. जाम के कारण जमुई कोर्ट जाने वाले अधिवक्ता और वादकारी, देवघर एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्री, मरीज, एंबुलेंस, स्कूली वाहन और दैनिक यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी.
ओवरलोड ट्रकों को बताया जा रहा हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि बटिया घाटी में सड़क दुर्घटनाएं और जाम अब आम बात हो गई है. लगभग हर महीने दो से तीन बार ऐसी घटनाएं होती हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड मालवाहक ट्रकों की तेज और लापरवाह आवाजाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं.
स्थायी समाधान की उठी मांग
पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रहलाद रावत उर्फ बबलू रावत ने कहा कि बटिया घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाएं और जाम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान, नियमित पुलिस गश्ती और स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग की.
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.
