नव नियुक्त प्रखंड कृषि पदाधिकारियों का जीविका में प्रशिक्षण सह प्रक्षेत्र भ्रमण

कृषि गतिविधियों पर दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम जीविका जिला इकाई के किसान प्रशिक्षण-सह-सूचना केंद्र के सभागार में संपन्न हुआ.

जमुई. बिहार लोक सेवा आयोग से कृषि विभाग में चयनित नव-नियुक्त प्रखंड कृषि पदाधिकारियों का जीविका अंतर्गत कृषि गतिविधियों पर दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम जीविका जिला इकाई के किसान प्रशिक्षण-सह-सूचना केंद्र के सभागार में संपन्न हुआ. 17 सदस्यीय टीम को जीविका संस्था द्वारा सामुदायिक संस्था निर्माण, क्षमतावर्धन, वित्तीय समावेशन, जीविकोपार्जन, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं डिजिटलीकरण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। सभी पदाधिकारियों ने सामुदायिक संगठनों का दौरा कर जीविका दीदियों की कार्यप्रणाली समझी और उनके द्वारा विकसित पोषण बागीचा, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि उद्यमी सेवा केंद्र आदि का भ्रमण किया. उल्लेखनीय है कि जमुई जिले में जीविका समूह से जुडी 83 हजार महिलाएं खेती-बाडी में शामिल हैं, जिन्हें जीविका द्वारा खेती-बाड़ी की नई-नई तकनीकों के बारे में समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है, जैसे कि, श्री विधि से धान एवं गेहूं की खेती, जीरो टिलेज, टपक सिंचाई, फव्वारा सिंचाई, जीरो बजट पर प्राकृतिक खेती, पोषण बगीचा इत्यादि के विषय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से जुड़ाव का कार्य भी जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिला किसानों एवं उनके परिवारों को दिलाया जाता है. जीविका के जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण सत्र के प्रथम दिन सभी नव नियुक्त कृषि पदाधिकारियों को विषयगत प्रबंधकों के द्वारा जीविका परियोजना के बारे विस्तार पूर्वक बताया गया. युवा पेशेवर-कृषि शालिनी कुमारी ने सभी पदाधिकारियों को खैरा प्रखंड अंतर्गत अमारी, बेला एवं दाबिल गांव में भ्रमण कराया, जहां सभी ने जीविका दीदियों के द्वारा की जा रही गतिविधियों को देखा और जाना. इस दौरान सभी कृषि उद्यमी सेवा केंद्र पर भी गये, जहां उन्हें कृषि उद्यमी दीदी से सेवा केंद्र के संचालन की जानकारी मिली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >